लंदन. मुंबई हमले के मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम की ब्रिटेन में 6.7 बिलियन डॉलर यानी 42883 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। इसमें होटल और रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी शामिल हैं।  बर्मिंघम मेल के मुताबिक, ब्रिटेन में दाऊद की प्रॉपर्टी  की कीमत 6.7 बिलियन डॉलर यानी 42883 करोड़ रुपए है। बता दें कि पिछले महीने यूके ने फाइनेंशियल सेंक्शंस (आर्थिक प्रतिबंधों) से जुड़ी असेट फ्रीज लिस्ट जारी की थी। इसमें दाऊद का नाम था। लिस्ट में दाऊद की नागरिकता भारतीय दर्ज थी। इसके अलावा, उसके पाकिस्तान स्थित 3 पतों का जिक्र किया गया था। दाऊद के 21 उपनाम भी बताए गए थे, जिनका वो इस्तेमाल करता रहा है। कौन सी प्रॉपर्टी ज़ब्त हुई है...

ब्रिटिश बर्मिंघम मेल के मुताबिक, दाऊद इब्राहिम (61) की मिडलैंड में होटल और रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी है। इन्हें सील कर दिया गया है। हालांकि, कौन-कौन सी प्रॉपर्टी जब्त की गई,जानकारी नहीं मिल पाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी का कहना है कि हम दाऊद को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाए। इसलिए उसकी प्रॉपर्टी जब्त कर आर्थिक तौर पर नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। ईडी समेत भारतीय एजेंसियों ने ब्रिटेन को दाऊद से जुड़े सबूत सौंपे थे, जिन्हें वहां की सरकार ने सही मानते हुए कार्रवाई का फैसला लिया। फाइनेंशियल सेंक्शंस लिस्ट में बताए PAK में दाऊद के ठिकाने  लिस्ट के मुताबिक पहला पता हाउस नंबर 37, 30th स्ट्रीट, डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी, कराची पाकिस्तान है। दूसरा पता नूराबाद, कराची, पाकिस्तान (पटियाला बंगला) है। तीसरा पता व्हाइट हाउस, सउदी मस्जिद के पास, कराची, पाकिस्तान दिया गया है।
हालांकि, पिछले साल इसी लिस्ट में दाऊद का चौथा पता भी दिया गया था, जो हाउस नंबर 29, मार्गल्ला रोड, F6/2 स्ट्रीट नंबर 22, कराची दर्ज था। इसे इस साल रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया है।
लिस्ट में दाऊद का जन्मस्थान खेर, रत्नागिरी, महाराष्ट्र दर्ज है और उसकी नेशनलिटी भारतीय बताई गई है। इसमें उसके इंडियन पासपोर्ट का भी जिक्र है, जिसे बाद में भारत सरकार ने रद्द कर दिया था। इसके बाद दाऊद के कई इंडियन और पाकिस्तानी पासपोर्ट का जिक्र किया गया है, जिनका गलत इस्तेमाल किया गया। दाऊद के पिता का नाम शेख इब्राहिम अली कास्कर, माता का नाम अमीना बी और पत्नी का नाम मेहजबीन शेख दर्ज है। इस लिस्ट में सबसे पहले दाऊद का नाम 7 नवंबर 2003 को आया था। दाऊद के ये नाम भी बताए गए लिस्ट में दाऊद के 21 नाम बताए गए हैं। इनमें शेख, इस्माइल, अब्दुल अजीज, अब्दुल हमीद, अब्दुल रहमान, मोहम्मद भाई, अनीस इब्राहिम, इकबाल, दिलीप, अजीज, फारूखी, हसन, दाऊद, मेमन, कास्कर, साबरी, साहेब, हाजी, सेठ और बड़ा भाई शामिल हैं। लिस्ट के मुताबिक दाऊद इन नामों का इस्तेमाल करता रहा है।
1993 मुंबई ब्लास्ट्स का आरोपी है दाऊद बता दें कि दाऊद 1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट्स मामले में आरोपी है। धमाकों के बाद वह भारत से फरार हो गया था। इन ब्लास्ट में 260 लोगों की मौत हुई थी और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। दाऊद को लेकर भारत कई बार पाकिस्तान को डोजियर सौंप चुका है। भारत सरकार ने दाऊद के पाकिस्तान में पतों का भी डोजियर में जिक्र किया था, लेकिन पाकिस्तान हमेशा यही दावा करता रहा है कि दाऊद इब्राहिम उसके यहां नहीं है। दाऊद का नाम इंटरपोल की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल है। उस पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और एक आपराधिक गिरोह ऑपरेट करने का आरोप है। अमेरिका ने 2003 में इसे ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया था।