इंद्र वशिष्ठ,
मणिपुर में जातीय हिंसा के 6 मामलों में 10 लोगों को एनआईए , राज्य पुलिस और सीआरपीएफ ने जॉइंट ऑपरेशन में गिरफ्तार किया है।
एनआईए के अनुसार मणिपुर के इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, बिष्णुपुर, चुराचांदपुर, उखरुल, चंदेल और फेरज़ॉल ज़िलों में कई जगहों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाकर इन आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया। यह गिरफ़्तारी मणिपुर में हुई हिंसा में उनकी भूमिका के सबूतों के आधार पर की गई।
कई मामलों की जांच से पता चला कि आरोपियों ने मणिपुर में जातीय अशांति/तनाव के दौरान हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में सक्रिय भूमिका निभाई थी, जिसमें सुरक्षा बलों पर हमले, हथियार और गोला-बारूद की लूट और बैंक डकैती जैसी घटनाएं शामिल हैं।
एनआईए ने राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी के साथ मिलकर व्यापक इंटेलिजेंस, तकनीकी और फ़ील्ड जांच के आधार पर ये ऑपरेशन चलाए। इनका मकसद राज्य में आपराधिक और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल अलग-अलग समुदायों के लोगों की पहचान करना और उन पर मुक़दमा चलाना था।
एनआईए के अनुसार इन गिरफ़्तारियों से हिंसा के मामलों की योजना बनाने, उन्हें अंजाम देने और उनसे जुड़े सपोर्ट नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलेगी। एजेंसी अलग-अलग घटनाओं के बीच संभावित संबंधों के साथ-साथ विद्रोह में शामिल लोगों और समूहों की भी जांच कर रही है।