इंद्र वशिष्ठ,
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) ने पश्चिम बंगाल के अमता क्षेत्र में वर्ष 2022 में हुए बम विस्फोट मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस विस्फोट में बम बनाने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असफार मिद्द्या और एंताजुल मिद्द्या के रूप में हुई है। दोनों हावड़ा (ग्रामीण) जिले के अमता क्षेत्र के निवासी हैं। एनआईए ने मंगलवार रात अमता क्षेत्र में तीन संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के बाद दोनों को गिरफ्तार किया।
दोनों इस देसी बम बनाने के नेटवर्क के मुख्य आरोपी है। उनके निर्देश पर 23 फरवरी 2022 को अमता थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बाजार के निकट देसी बम बनाए जा रहे थे।
बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में जहाधर मोल्ला, मोहब्बत मोल्ला, मोइनुर रहमान और एसके महरम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से एसके महरम की बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
एनआईए ने अप्रैल 2024 में स्थानीय पुलिस से इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में पाया गया कि असफार और एंताजुल  बम बनाने के काम को नियंत्रित कर रहे थे। इन बमों का इस्तेमाल क्षेत्र में लोगों को डराने-धमकाने और आतंकित करने के लिए किया जाना था।
इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।