इंद्र वशिष्ठ,
सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिले के प्रशांत विहार थाने में तैनात
सब-इंस्पेक्टर लेखराज को एक लाख रुपये की रिश्वतखोरी में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने एक शिकायत के आधार पर सब-इंस्पेक्टर लेखराज के खिलाफ़ 04.10.2026 को यह मामला दर्ज किया। आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर (जांच अधिकारी) लेखराज ने शिकायतकर्ता से प्रशांत विहार थाने में उसके खिलाफ़ दर्ज एक आपराधिक मामले में राहत देने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता की तलाशी के दौरान, सब-इंस्पेक्टर ने ज़बरदस्ती उसकी जेब से 20,000 रुपये निकाल लिए।
सब-इंस्पेक्टर लेखराज ने शिकायतकर्ता से बाकी के 80,000 रुपये अगले दिन लाने को कहा। सब-इंस्पेक्टर लेखराज ठगी के मामले में अग्रिम जमानत मिलने के बाद भी शिकायतकर्ता को परेशान कर रहा था और मामले में राहत देने के एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
सीबीआई ने 04.10.2026 को जाल बिछाया और सब-इंस्पेक्टर लेखराज को शिकायतकर्ता से 80,000 रुपये मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।